हरदोई: जनहित सर्वोपरि, समयबद्ध पूरा करें विकास कार्य : जिलाधिकारी

Jun 18, 2026 - 18:30
Jun 19, 2026 - 08:17
 0  0
हरदोई: जनहित सर्वोपरि, समयबद्ध पूरा करें विकास कार्य : जिलाधिकारी

हरदोई, अचल वार्ता। स्थानीय निकायों द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

विगत दिवस विवेकानंद सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों की कार्यप्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा जन शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय निकाय सीधे जनता से जुड़े होते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी और जवाबदेही भी अधिक है।

उन्होंने स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी बनाने पर बल देते हुए नियमित सफाई, कूड़ा उठान तथा नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही करने को कहा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को बंधन योजना के उपयोगिता प्रमाण-पत्र (यूसी) समय से अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा प्राप्त जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में दीपाली भार्गव, प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, संबंधित उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0