MP News: सोया चाप बिरयानी में निकला चिकन का टुकड़ा, भोपाल के डीबी मॉल फूड कोर्ट में मचा बवाल

भोपाल के डीबी मॉल फूड कोर्ट में सोया चाप बिरयानी में चिकन का टुकड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। शाकाहारी ग्राहकों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए आउटलेट पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पढ़ें पूरी खबर।

Feb 8, 2026 - 11:15
 0  3
MP News: सोया चाप बिरयानी में निकला चिकन का टुकड़ा, भोपाल के डीबी मॉल फूड कोर्ट में मचा बवाल
प्रतीकात्मक फोटो

MP News , Bhopal: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के प्रतिष्ठित डीबी मॉल स्थित फूड कोर्ट से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां संचालित ‘बिरयानी क्वीन’ आउटलेट में परोसी गई शाकाहारी सोया चाप बिरयानी में चिकन का टुकड़ा मिलने से फूड कोर्ट में हड़कंप मच गया।

शाकाहारी ग्राहक स्तब्ध, धार्मिक आस्था को ठेस

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अजीत सिंह, नरेंद्र मीणा एवं बालिका भाग्या पूरी तरह से शुद्ध शाकाहारी हैं। उन्होंने फूड कोर्ट से स्पाइसी सोया चाप बिरयानी खरीदी थी। भोजन करते समय जब प्लेट में चिकन का टुकड़ा दिखाई दिया, तो वे स्तब्ध रह गए।

ग्राहकों का कहना है कि यह केवल भोजन में हुई गलती नहीं है, बल्कि धार्मिक भावनाओं और आस्था के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

‘धर्म भ्रष्ट करने जैसा गंभीर कृत्य’: शिकायतकर्ता

पीड़ितों ने आरोप लगाया कि शाकाहारी भोजन में मांस मिलना घोर लापरवाही या जानबूझकर की गई चूक हो सकती है। उन्होंने इसे “धर्म भ्रष्ट करने जैसा गंभीर अपराध” बताते हुए फूड कोर्ट मैनेजर गौरीशंकर को लिखित शिकायत सौंपी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

दुकान प्रबंधन ने मानी गलती, माफी से नहीं माने ग्राहक

मामले के सामने आने के बाद आउटलेट स्टाफ ने गलती स्वीकार करते हुए राशि वापस करने और माफी की पेशकश की। वहीं, बिरयानी क्वीन के मालिक अरनब ने भी फोन पर माफी मांगी।

हालांकि शिकायतकर्ता माफी से संतुष्ट नहीं हुए और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

उपभोक्ता संगठनों का विरोध, सख्त नियमों की मांग

घटना के बाद उपभोक्ता संगठनों और सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले को गंभीर बताया है। संगठनों ने मांग की है कि—

  • शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग-अलग रसोई हो
  • स्टाफ की अलग व्यवस्था की जाए
  • फूड कोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो

फूड कोर्ट की साख पर सवाल

भोपाल के प्रतिष्ठित मॉल में इस तरह की घटना सामने आने से आम लोगों में खान-पान की शुद्धता और सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता उत्पन्न हो गई है। अब देखना यह है कि प्रशासन और फूड सेफ्टी विभाग इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0