खगड़िया : NH-31 पर भीषण सड़क हादसा, शिक्षिका समेत 3 लोगों की मौत; मचा कोहराम
खगड़िया, अचल वार्ता : जिले के पसराहा थाना क्षेत्र में ट्रक, बोलेरो जीप और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर होने से एक शिक्षिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान परबत्ता प्रखंड के खीराडीह की निवासी एवं शिक्षिका कुमारी रूबी (34), नवगछिया के साहु परबत्ता के निवासी नीतीश कुमार (38) तथा झंझरा गांव के निवासी विकास कुमार (35) के रूप में हुई है। घायल युवक सोनू कुमार का इलाज खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि हादसा पसराहा थानाक्षेत्र में बंधु पेट्रोल पंप के समीप हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-31) पर तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो जीप के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार नीतीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो जीप में सवार शिक्षिका कुमारी रूबी और चालक विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल (गोगरी) पहुंचाया तथा वहां उपचार के दौरान कुमारी रूबी की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक विकास कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, शिक्षिका कुमारी रूबी भागलपुर जिले के नारायणपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय में कार्यरत थीं। उनके पति भारतीय थल सेना में हैं। थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है तथा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0