पिथौरागढ़ : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक, एडीएम ने दिए निर्देश

Aug 11, 2026 - 17:06
 0  0
पिथौरागढ़ : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक, एडीएम ने दिए निर्देश

पिथौरागढ़, अचल वार्ता । स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों से भली-भांति अवगत हो जाएं तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने आयोजन स्थल, साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। वहीं, प्रातः 7 बजे से सभी शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी।

13 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली

स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत 13 अगस्त को प्रातः 8 बजे तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक प्रतिभाग करेंगे। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को तिरंगा रैली में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जनपद के सभी जनप्रतिनिधियों एवं आम जनमानस से भी अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा रैली में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की है।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर भी है। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई सहित अन्य विभागीय अधिकारी भौतिक तथा समस्त उपजिलाधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0