पिथौरागढ़ : सोरगढ़ में बनेगा हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन
पिथौरागढ़, अचल वार्ता । जनपद में पर्यटन, स्थानीय आजीविका तथा सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में नगर के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक आकर्षण केन्द्र सोरगढ़ किला (लंदन फोर्ट) से लगे क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन, पार्किंग निर्माण, ऐतिहासिक सदर रामलीला मैदान के उच्चीकरण एवं सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्यों की प्रस्तावित योजना का अवलोकन किया तथा अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का अवलोकन करते हुए कहा कि सोरगढ़ किले के आसपास विकसित किया जाने वाला पिथौरागढ़ नगर का प्रथम हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन पर्यटन को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यटकों को एक नया और विशिष्ट अनुभव प्रदान करेगी, जहां उन्हें स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प, लोक कला एवं जनपद के विशिष्ट उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। इससे स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं एवं छोटे व्यापारियों को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा।
यह महत्वाकांक्षी योजना दो चरणों में विकसित की जाएगी। प्रथम चरण में हैरिटेज वेंडिंग ज़ोन, पार्किंग एवं आधारभूत पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में ऐतिहासिक सदर रामलीला मैदान का उच्चीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों एवं युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पुस्तकालय का पुनर्निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त सूचना विभाग के कार्यालय के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव भी योजना में सम्मिलित किया गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना के प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता और सांस्कृतिक विरासत का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि विकसित होने वाला यह क्षेत्र पर्यटन, संस्कृति एवं जनसुविधाओं का एक आदर्श केन्द्र बन सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर ही कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजना जल्द से जल्द धरातल पर उतरे, इसके लिए सभी प्रक्रियाओं का ससमय पालन कर लिया जाए।
यह परियोजना पिथौरागढ़ के पर्यटन को नई दिशा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगी तथा नगर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
निरीक्षण के दौरान मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0