सोनीपत में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान शुरू, 1400 छात्राएं शामिल

Nov 4, 2026 - 18:08
Nov 4, 2026 - 20:05
 0  5
सोनीपत में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान शुरू, 1400 छात्राएं शामिल

सोनीपत , अचल वार्ता । बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान का शुभारंभ बुधवार को सोनीपत के मुरथल अड्डा स्थित पीएम राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जेआरसी व एमडीडी ऑफ इंडिया के द्वारा शुरू किया गया। 100 दिवसीय इस जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समन्वयक डॉ. राज सिंह सांगवान ने किया। कार्यक्रम में करीब 1400 छात्राओं ने भाग लिया।

इस दौरान डॉ. राज सिंह सांगवान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बाल विवाह, ऑनलाइन शोषण, साइबर अपराध, ऑनलाइन ग्रूमिंग तथा बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आने वाली एक सामान्य सी फ्रेंड रिक्वेस्ट भी कई बार बच्चों को ऑनलाइन यौन शोषण, जबरन संबंधों अथवा कम उम्र में विवाह के दबाव जैसी गंभीर परिस्थितियों तक पहुंचा सकती है। इसलिए बच्चों को यह समझना जरूरी है कि ऑनलाइन शुरू होने वाला शोषण भी शारीरिक शोषण जितना ही गंभीर है। शोषण चाहे ऑनलाइन हो या प्रत्यक्ष रूप से, बच्चों की सुरक्षा, गरिमा और अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम के दौरान प्रिंसिपल राजेश कुमारी ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुप्रथा होने के साथ-साथ बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता और अधिकारों को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने छात्राओं को जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी ऑनलाइन शोषण की स्थिति में डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने चाहिए तथा साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in, आपातकालीन सहायता नंबर 112 या बाल सहायता नंबर 1098 पर संपर्क कर मदद प्राप्त की जा सकती है।
इस दौरान दर्शन कमारी, सुनीता, अमित, विनय, रमना व अन्य मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 2
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0