होली नजदीक आते ही बाजारों में रंगों की धूम, नकली व केमिकल युक्त रंगों से सेहत पर खतरा

होली से पहले मध्यप्रदेश के बाजारों में नकली और केमिकल युक्त रंगों की भरमार है। न कानून, न जांच व्यवस्था। कांग्रेस ने सरकार पर उठाए सवाल, भाजपा ने कार्रवाई का भरोसा दिया।

Mar 1, 2026 - 17:46
 0  1
होली नजदीक आते ही बाजारों में रंगों की धूम, नकली व केमिकल युक्त रंगों से सेहत पर खतरा
  • मध्यप्रदेश में हानिकारक रंगों की बिक्री पर न कानून, न जांच व्यवस्था

भोपाल, अचल वार्ता। होली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे मध्यप्रदेश के बाजार रंग-गुलाल से सजने लगे हैं। लेकिन इन रंगों की चकाचौंध के पीछे एक गंभीर खतरा छिपा है। बाजारों में खुलेआम बिक रहे नकली और केमिकल युक्त रंग लोगों की सेहत के लिए बड़ा जोखिम बनते जा रहे हैं।

हर साल दोहराया जा रहा है वही खतरा

यह पहली बार नहीं है जब हानिकारक रंगों की बिक्री का मामला सामने आया हो। चौंकाने वाली बात यह है कि हर साल की तरह इस बार भी सरकार इस गंभीर मुद्दे पर मौन नजर आ रही है। मिलावट को लेकर कानून और कड़े प्रावधान मौजूद हैं, लेकिन रंग-गुलाल की गुणवत्ता जांच के लिए न तो कोई स्पष्ट नियम है और न ही कोई समर्पित लैब।

हजारों लोग हर साल होते हैं प्रभावित

विशेषज्ञों के अनुसार, केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल से

  • त्वचा जलन
  • एलर्जी
  • आंखों को नुकसान
  • सांस संबंधी बीमारियां

जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसके बावजूद हर साल हजारों लोग इन खतरनाक रंगों का शिकार हो रहे हैं।

प्राकृतिक होने के दावे, प्रमाण शून्य

बाजार में कई कंपनियां अपने रंग-गुलाल को प्राकृतिक या आयुर्वेदिक बताकर बेच रही हैं, लेकिन इनके पास इन दावों को साबित करने के लिए कोई प्रमाण पत्र नहीं है। सबसे हैरानी की बात यह है कि नकली और असली रंगों की पहचान करना न तो ग्राहक, न दुकानदार और न ही थोक विक्रेताओं के बस की बात है।

नीति न होने से अफसर भी बेबस

मामले में जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि नीतिगत निर्णय न होने के कारण वे कार्रवाई की स्थिति में नहीं हैं।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

इस मुद्दे पर पीसी शर्मा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि

“सालों से सत्ता में बैठी सरकार सिर्फ दिखावे की राजनीति कर रही है। बड़े-बड़े दावों के अलावा जमीनी स्तर पर कुछ नहीं है। नकली और हानिकारक रंगों पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”

भाजपा का दावा – प्रशासन सतर्क

वहीं, भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि

“होली के दौरान स्वास्थ्य और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। स्थानीय प्रशासन भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है और मामले पर संज्ञान लिया जाएगा।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0