लखीमपुर खीरी : छठ पूजा की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने किया सेठघाट का निरीक्षण
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह सदर विधायक योगेश वर्मा के साथ सेठघाट पहुंचे और छठ पूजा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय रहते सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने घाट की साफ-सफाई, पूजन स्थल की व्यवस्था और नदी में सुरक्षित दूरी तक बैरिकेडिंग सहित अन्य आवश्यक इंतजामों को परखा। उन्होंने छठ पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं संरक्षक से भी बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। डीएम ने तहसील, ब्लॉक, जिला पंचायत और नगर पालिका प्रशासन को आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। छठ पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
घाट को सुविधाओं से सुसज्जित करने में जुटे विधायक
सदर विधायक योगेश वर्मा छठ पूजा स्थल को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। घाट पर श्रद्धालुओं की सहूलियत के मद्देनजर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और आयोजन को व्यवस्थित स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलुव राजू आर, तहसीलदार मुकेश कुमार वर्मा, बीडीओ संदीप कुमार, ईओ संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0