लखीमपुर खीरी : वाईडी कॉलेज में हुआ ‘रश्मिरथी’ का शानदार मंचन

Oct 6, 2026 - 15:18
 0  1
लखीमपुर खीरी : वाईडी कॉलेज में हुआ ‘रश्मिरथी’ का शानदार मंचन
लखीमपुर खीरी : वाईडी कॉलेज में हुआ ‘रश्मिरथी’ का शानदार मंचन

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रनायकों की गौरवगाथा को मंच के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने की अनूठी पहल के तहत शहर के वाईडी कॉलेज सभागार में रविवार को साहित्य और रंगमंच का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारतेन्दु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा तथा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मार्गदर्शन में अखंड भारत के स्वातंत्र्य वीर नायकों पर आधारित नाट्य मंचन श्रृंखला के अंतर्गत राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की कालजयी कृति ‘रश्मिरथी’ का शानदार मंचन किया गया।

निर्देशक मानवेन्द्र कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में कलाकारों ने कर्ण के जीवन, संघर्ष, शौर्य, दानवीरता, स्वाभिमान और नियति से उसके संघर्ष को मंच पर इस तरह जीवंत किया कि पूरा सभागार भावनाओं से सराबोर हो उठा। प्रभावशाली संवाद, सशक्त अभिनय, मंच सज्जा और भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को बांधे रखा। कर्ण के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को देखकर दर्शकों ने कलाकारों का तालियों से उत्साहवर्धन किया।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता एवं डीएम अंजनी कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय इतिहास और साहित्य में ऐसे अनेक चरित्र हैं, जिनसे नई पीढ़ी को संघर्ष, कर्तव्य, त्याग, राष्ट्रप्रेम और आत्मसम्मान की प्रेरणा मिलती है। रंगमंच ऐसी प्रेरणादायी गाथाओं को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

कर्ण की संघर्षगाथा ने छोड़ी अमिट छाप

भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि ‘रश्मिरथी’ केवल कर्ण की कथा नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में अपने अस्तित्व और सम्मान के लिए संघर्ष करने वाले योद्धा की गाथा है। विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि साहित्य को रंगमंच के माध्यम से जीवंत कर नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और साहित्य से जोड़ना सराहनीय प्रयास है। प्रस्तुति के दौरान कर्ण के चरित्र के आत्मसम्मान, कर्तव्य और संघर्ष को देखकर दर्शक भावुक हो उठे और कलाकारों का तालियों से उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान एडीएम (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह, पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय, प्राचार्य वाईडी कॉलेज डॉ हेमंत पाल, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, डीसी जीरामजी अमित कुमार परिहार सहित बीजेपी महामंत्री राजेश कुमार सिंह, अनुपम बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0