देहरादून : STEM में महिला सहभागिता बढ़ाने पर जोर, राज्यपाल ने नशा मुक्त भारत ऐप हैकाथॉन किया लॉन्च
देहरादून , अचल वार्ता । राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने गुरुवार को वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘स्टेम (STEM) में महिला सहभागिता एवं सशक्तीकरण’ विषयक कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM) के क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना केवल समानता का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र की वैज्ञानिक क्षमता और विकास की आवश्यकता भी है। महिलाओं की प्रतिभा एवं दृष्टिकोण को इन क्षेत्रों से जोड़कर ही देश नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयाँ प्राप्त कर सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, ज्ञान, सृजन और समृद्धि का आधार माना गया है। नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की भी प्रमुख शक्ति है। जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और स्वावलंबन मिलता है, तब समाज की प्रगति अधिक व्यापक और स्थायी बनती है।
उन्होंने कहा कि आज एआई, रोबोटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी, क्वांटम कंप्यूटिंग और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्र भविष्य की आर्थिक एवं सामाजिक संरचना को नई दिशा दे रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण की अवधारणा अब महिला-नेतृत्व वाले विकास के व्यापक संकल्प में परिवर्तित हुई है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी पहलें महिलाओं को शिक्षा, उद्यमिता एवं आर्थिक स्वावलंबन से जोड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में विकसित उत्तराखण्ड का निर्माण और उसमें नारी शक्ति की नेतृत्वकारी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारा ध्येय ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सशक्त, विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होना चाहिए। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में युवा शक्ति एवं नारी शक्ति की निर्णायक भूमिका रहेगी।
राज्यपाल ने कहा कि STEM में महिलाओं की भागीदारी केवल उच्च शिक्षा में प्रवेश तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका विस्तार विद्यालयी शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा, अनुसंधान, उद्योग, रोजगार, उद्यमिता और नेतृत्व तक होना चाहिए। बालिकाओं में विद्यालय स्तर से ही विज्ञान के प्रति जिज्ञासा विकसित करने के साथ उन्हें प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक गतिविधियों, तकनीकी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने होंगे।
राज्यपाल ने कहा कि पूर्व में बेटियों के लिए शिक्षा के अवसर और संसाधन सीमित थे। पांचवीं कक्षा तक पढ़ पाना भी बड़ी उपलब्धि माना जाता था और आठवीं तथा कॉलेज की शिक्षा अधिकांश बेटियों के लिए दूर की बात थी। आर्थिक कठिनाइयों के कारण अभिभावक बेटियों को अच्छी शिक्षा, पुस्तकें और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पाते थे। उन्होंने अपने पूर्व अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब उन्हें मध्य प्रदेश में शिक्षा मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, तब उन्होंने बेटियों को स्कूल जाने के लिए साइकिल, अच्छी ड्रेस और पुस्तकें उपलब्ध कराने की पहल की।
उन्होंने कहा कि आज बेटियों के सामने शिक्षा और आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। आज बेटियां विमान उड़ा रही हैं, वैज्ञानिक, डॉक्टर और इंजीनियर बन रही हैं तथा प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। हालांकि, अभी भी बड़ी संख्या में बेटियां आगे बढ़ने के अवसरों से वंचित हैं। हमें ऐसी बेटियों तक अवसर पहुंचाने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘नशा मुक्त भारत ऐप हैकाथॉन’ का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए सभी देशवासियों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य को नशे से बचाकर राष्ट्र निर्माण में लगाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह हैकाथॉन युवाओं के नवाचार एवं तकनीकी सामर्थ्य के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता, परामर्श और सहायता के प्रभावी डिजिटल समाधान विकसित करने में सहायक होगा।
कार्यक्रम में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर, आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत, सेतु आयोग के प्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद्, वैज्ञानिक, शोधार्थी, महिला उद्यमी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0