पिथौरागढ़ : गरीब कैदियों की सहायता योजना की समीक्षा
पिथौरागढ़ , अचल वार्ता । जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्ट्रेट में "Support to Poor Prisoners Scheme" (गरीब कैदियों के लिए आर्थिक योजना) के अंतर्गत गठित सशक्त समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत पात्र बंदियों को समयबद्ध एवं प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इस योजना का उद्देश्य सज़ा काट चुके या जमानत पा चुके कैदी अपनी रिहाई के लिए यदि जुर्माना राशि नहीं भर पा रहे हैं, उनको आर्थिक मदद करना है।
समिति के समक्ष योजना के अंतर्गत जनपद की वर्तमान स्थिति प्रस्तुत की गई, जिसमें अवगत कराया गया कि वर्तमान में इस योजना से संबंधित कोई प्रकरण लंबित नहीं है।
शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र एवं आर्थिक रूप से कमजोर बंदी को न्याय प्राप्त करने हेतु आवश्यक विधिक सहायता समय पर उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि भविष्य में इस योजना के अंतर्गत कोई पात्र प्रकरण प्राप्त होता है तो उसका तत्काल परीक्षण करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें।
बैठक में योजना के दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप नियमित समीक्षा करने तथा प्रत्येक माह समिति की बैठक आयोजित कर शासन को समयबद्ध रूप से आवश्यक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला कारागार, पुलिस, अभियोजन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0