पिथौरागढ़ : लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति एवं गुणवत्ता पर जोर
पिथौरागढ़ , अचल वार्ता । जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 20 सूत्रीय कार्यक्रम, 25 सूत्रीय कार्यक्रम, जिला योजना तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
20 सूत्रीय एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाएं तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जनपद को राज्य स्तर पर प्रथम श्रेणी में लाने का प्रयास करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपनी वार्षिक कार्ययोजना पूर्व से तैयार रखे, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जा सके।
जिला योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन कार्यों में विभिन्न प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं पूर्ण किया जाना शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करते हुए कार्य प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपादित किए जाएं।
मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर लंबित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूर्ण करते हुए कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं गति सुनिश्चित करें।
बैठक में अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री द्वारा जनपद के लिए की गई 611 घोषणाओं में से 355 घोषणाएं पूर्ण की जा चुकी हैं, जबकि शेष घोषणाओं पर कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि लंबित घोषणाओं से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण कराया जाए, ताकि जनसामान्य को योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निरंजनप्रसाद सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0