बसखारी में पटाखा कांड' अजूबी जनरल स्टोर पर पुलिस का छापा, 404 किलो माल के साथ दुकानदार गिरफ्तार!
अचल वार्ता अम्बेडकरनगर /की बसखारी पुलिस ने दीपावली से पहले ही 'बम-पटाखा' गैंग पर ऐसा शिकंजा कसा कि दुकानदार राजन जायसवाल की सारी अजूबी हरकत धरी की धरी रह गई। भई, जनरल स्टोर के नाम पर अंदर जो पटाखों का गोदाम चल रहा था, उसे देखकर पुलिसवालों के भी कान सुन्न हो गए! मंगलवार शाम करीब 4 बजे पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने बसखारी के अजूबी जनरल स्टोर पर जब धावा बोला, तो दुकान के पिछले हिस्से से पूरे 404 किलो पटाखे बरामद हुए। हैरानी की बात यह है कि ये पटाखे किसी तहखाने जैसे 25 बोरियों, कार्टन और ड्रमों में छुपाकर रखे गए थे—वो भी बिना किसी लाइसेंस और सुरक्षा इंतजाम के। यानी बिना माचिस जलाए ही दुकान खुद एक चलता-फिरता ज्वालामुखी बनी हुई थी! पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के सख्त निर्देशों पर चल रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अरविंद पांडे और उनकी टीम ने मौके पर ही 25 साल के राजन जायसवाल पुत्र कृष्ण कुमार जायसवाल को धर दबोचा। अब भाई साहब पर विस्फोटक अधिनियम, 1984 की धारा 5/9 बी के तहत मुकदमा अपराध संख्या 252/26 दर्ज कर लिया गया है।वैसे इस रेड में उपनिरीक्षक रिंकू सरोज, जीवन सहाय समेत पूरी पुलिस टीम ने मिलकर जो मुस्तैदी दिखाई है, उससे साफ है कि इस बार बसखारी में बिना अनुमति के 'पटाखा शो' चलाना किसी के लिए भी आसान नहीं होगा। फिलहाल, पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है और राजन साहब सलाखों के पीछे बैठकर अपनी इस 'अजूबी' दुकानदारी का हिसाब लगा रहे हैं!
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0