लखीमपुर खीरी : लखीमपुर खीरी की 5.38 लाख महिलाओं को दिवाली की सौगात
लखीमपुर खीरी ,अचल वार्ता। महिलाओं की दिवाली रोशन करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत ₹1,500 करोड़ की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ प्लस पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की सौगात दी। जिला मुख्यालय पर आयोजित भव्य समारोह में लखनऊ कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग हुई, जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन को देखा व सुना गया। कार्यक्रम का सफल संयोजन, संचालन डीएसओ सीमा त्रिपाठी ने किया।
जनपदीय कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीडीओ योगानंद पांडे, डीएसओ सीमा त्रिपाठी संग दीप प्रज्वलित कर किया। डीएम ने उज्जवला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक का वितरण किया।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बड़ी संख्या में मौजूद उज्जवला योजना की लाभार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि दीपावली और होली जैसे पर्वों की खुशियां समाज के हर वर्ग तक समान रूप से पहुंचें और कोई भी परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे। सरकार की मंशा है कि हर घर में दीप जले, अच्छे पकवान बनें और सभी लोग उल्लास एवं उत्साह के साथ त्योहार मना सकें। इसी भावना के तहत दीपावली के अवसर पर पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, जिन पात्र परिवारों के पास अभी तक गैस कनेक्शन नहीं है, उन्हें भी गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, ताकि हर घर में त्योहार की खुशियां पहुंच सकें। उन्होंने दीपावली के साथ ही आगामी छठ पूजा एवं भैया दूज पर्व की भी अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
सिलेंडर को कराए रिफिल, खाते में पाए सब्सिडी : डीएसओ
डीएसओ सीमा त्रिपाठी ने बताया कि खीरी में 05 लाख 38 हजार 961 गरीब महिलाए उज्ज्वला योजना की लाभार्थी है। आधार प्रमाणित लाभार्थियों को निःशुल्क एलपीजी सिलेण्डर रिफिल का वितरण किया गया। योजना के तहत सर्वप्रथम लाभार्थी अपने स्तर से प्रचलित उपभोक्ता दर के अनुसार भुगतान कर 14.2 किलो का सिलेंडर रिफिल प्राप्त करेगा, जिसके बाद सब्सिडी उसके आधार प्रमाणित खाते में ऑयल कम्पनियों द्वारा अंतरित की जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जीत लाल, पूर्ति निरीक्षक आयुषी सक्सेना, पूर्ति लिपिक लक्ष्मी गुप्ता, अनिल कुमार, अर्चना चौहान, नेहा श्रीवास्तव, राहुल त्रिपाठी एवं आयल कम्पनी के जिला समन्वयक व इण्डियन ऑयल कम्पनी के एल0पी0जी0 विक्रय अधिकारी हिमान्शु किन्हा, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड के एल0पी0जी0 विक्रय अधिकारी अभिषेक कुमार के साथ एल0पी0जी0 वितरक रानी सती इण्डेन गैस सर्विस, श्री भगवान गैस सर्विस, खीरी राइस मिल एच0पी0 गैस एवं प्रयागदत्त एच0पी0 गैस आदि उपस्थित रहे
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0