अयोध्या दीपोत्सव 2026: उपराष्ट्रपति के आगमन से दीप प्रज्ज्वलन तक मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारी, डीएम ने जारी किए निर्देश

Nov 7, 2026 - 10:22
 0  0
अयोध्या दीपोत्सव 2026: उपराष्ट्रपति के आगमन से दीप प्रज्ज्वलन तक मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारी, डीएम ने जारी किए निर्देश

अयोध्या, अचल वार्ता। रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव के भव्य आयोजन को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपराष्ट्रपति के आगमन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए आयोजन स्थलों से लेकर अतिथियों के आवागमन, शोभायात्रा, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था तक के लिए अलग-अलग मजिस्ट्रेटों एवं अधिकारियों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की ओर से 5 नवंबर को जारी संशोधित आदेश में एयरपोर्ट से श्रीरामजन्मभूमि परिसर, नया घाट, रामकथा पार्क और राम की पैड़ी तक विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है। प्रशासन का उद्देश्य दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और विशिष्ट अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रामकथा पार्क की संपूर्ण व्यवस्था संभालेंगे सीडीओ

दीपोत्सव के प्रमुख आयोजन स्थल रामकथा पार्क में संपूर्ण व्यवस्था की कमान मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को सौंपी गई है। यहां मंच, विशिष्ट अतिथि दीर्घा, संत समाज की बैठक व्यवस्था और मीडिया गैलरी के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

राम की पैड़ी पर एडीएम अमित कुमार भट्ट करेंगे निगरानी

राम की पैड़ी पर आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों की निगरानी अपर जिलाधिकारी अमित कुमार भट्ट करेंगे। यहां मुख्यमंत्री के मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संत समाज की दीर्घा और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों को तैनात किया गया है। वहीं दीप प्रज्ज्वलन से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी नगर एवं मेलाधिकारी दिनेश के नेतृत्व में संचालित होगी।

उपराष्ट्रपति के आगमन से लेकर दर्शन-पूजन तक अधिकारियों की तैनाती

विशिष्ट अतिथियों के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था एयरपोर्ट पर अपर जिलाधिकारी कौशल कुमार संभालेंगे। वहीं अपर नगर आयुक्त भारत और डिप्टी कलेक्टर गजेंद्र सिंह एयरपोर्ट से नया घाट होते हुए श्रीरामजन्मभूमि परिसर तक मार्ग व्यवस्था और शांति व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

इसके अलावा साकेत महाविद्यालय बंधा तिराहे से रामकथा पार्क तक निकलने वाली शोभायात्रा की जिम्मेदारी मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र कुमार को दी गई है। उनके साथ जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी शोभायात्रा के अलग-अलग हिस्सों की व्यवस्थाएं संभालेंगे।

सरयू आरती स्थल से यातायात व्यवस्था तक अलग-अलग जिम्मेदारी

दीपोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग और आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नया घाट स्थित सरयू आरती स्थल की संपूर्ण व्यवस्था अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा और उप जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार शर्मा संभालेंगे।

वहीं जनपद की संपूर्ण यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी इंद्राकांत द्विवेदी को सौंपी गई है। राम की पैड़ी, सरयू आरती स्थल और प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।

श्रद्धालुओं और अतिथियों की सुविधा-सुरक्षा प्राथमिकता: डीएम

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दीपोत्सव का आयोजन भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

रामनगरी में दीपोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम रूप ले रही हैं। अलग-अलग स्थलों पर अधिकारियों की तैनाती से आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने की तैयारी की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0