अयोध्या: AIIMS के विदेशी छात्रों ने अयोध्या जिला चिकित्सालय का किया अवलोकन, स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी

AIIMS के तीन विदेशी छात्रों ने अयोध्या जिला चिकित्सालय का भ्रमण कर चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और फार्मासिस्ट से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

Sep 24, 2026 - 14:49
 0  59
अयोध्या: AIIMS के विदेशी छात्रों ने अयोध्या जिला चिकित्सालय का किया अवलोकन, स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी

अयोध्या, अचल वार्ता। AIIMS से स्वास्थ्य सेवा संबंधी अध्ययन कर रहे तीन विदेशी छात्रों की टीम ने मंगलवार को अयोध्या जिला चिकित्सालय का भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की देखभाल और अस्पताल की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की।

  अस्पताल भ्रमण के दौरान छात्रों ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और फार्मासिस्ट से मुलाकात कर सरकारी अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। टीम ने अस्पताल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को भी समझने का प्रयास किया।

 छात्रों ने बताया कि उनकी शिक्षा लगभग पूरी हो चुकी है। सेवा क्षेत्र में जाने से पहले उन्हें संबंधित विभागों में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिलकर उनके कार्यों और जिम्मेदारियों की व्यावहारिक जानकारी हासिल करने के लिए विभिन्न सरकारी अस्पतालों का भ्रमण करने के लिए कहा गया है। इसी क्रम में उनकी टीम इन दिनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग सरकारी अस्पतालों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी कार्यप्रणाली को समझ रही है।

 छात्रों ने जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर मरीजों के उपचार के साथ-साथ अस्पताल प्रबंधन एवं मरीजों के साथ व्यवहार से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी ली।

 मेडिकल वार्ड की प्रभारी नर्सिंग स्टाफ हेमलता मौर्या ने बताया कि AIIMS दिल्ली के छात्रों ने वार्ड में भर्ती मरीजों के साथ स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा किए जाने वाले व्यवहार को लेकर जानकारी ली। उन्होंने यह भी समझा कि मरीजों की जरूरतों को किस प्रकार समझकर उन्हें बेहतर देखभाल और संतुष्टि प्रदान की जा सकती है।

 भ्रमण के दौरान छात्रों ने अस्पताल में मरीजों की देखभाल की व्यवस्था को करीब से देखा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों से संवाद कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

- महेश शंकर 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0