अयोध्या: पूर्व मंत्री पवन पांडे की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन
अयोध्या में समाजवादी शिक्षक सभा ने पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे 'पवन' को मिली कथित जान से मारने की धमकी के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
अयोध्या, अचल वार्ता। समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के पदाधिकारियों ने पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक तेज नारायण पांडे 'पवन' तथा उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर गुरुवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दावा किया गया कि राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर आवाज उठाने के बाद उन्हें व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली है। हाल के दिनों में राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर पूर्व मंत्री पवन पांडे लगातार मुखर रहे हैं।
शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष दान बहादुर सिंह और महासचिव डॉ. घनश्याम यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन डे ऑफिसर पवन कुमार शर्मा को सौंपा। संगठन के प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि पवन पांडे जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं और हाल ही में राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में भी उन्होंने अपनी बात प्रमुखता से रखी थी। इसी के बाद उन्हें कथित रूप से व्हाट्सएप कॉल पर धमकी दी गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस घटना से शिक्षक समाज एवं अन्य वर्गों में आक्रोश है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि संभावित खतरे को देखते हुए पूर्व मंत्री पवन पांडे और उनके परिवार की सुरक्षा तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय महासचिव शावेज जाफरी, डॉ. घनश्याम यादव, अविनाश प्रताप सिंह, कुंवर निपेंद्र सिंह, रितेश, अनिल वर्मा, एडवोकेट चंद्रभान गौतम सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0