सोनीपत , अचल वार्ता । जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और बीमारियों का समय रहते पता लगाने के उद्देश्य से भगवानदास हॉस्पिटल, ओमेक्स सिटी सोनीपत में 47वें मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस शिविर में 102 मरीजों ने मुफ्त स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। शिविर में बाल रोग, हड्डी रोग, फिजिशियन, सर्जरी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, हृदय रोग, न्यूरोसर्जरी, नेत्र रोग और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की। विशेषज्ञों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार जरूरी परामर्श दिया और बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए। शिविर में मुफ्त स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। आयोजकों ने बताया कि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हर महीने के पहले रविवार और तीसरे शनिवार को ऐसे स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह उपलब्ध करवाना है।
इस अवसर पर भगवानदास हॉस्पिटल के एमडी डॉ. नरेश पमनानी ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना सामाजिक जिम्मेदारी है। अस्पताल की टीम भविष्य में भी सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग करती रहेगी।