सोनीपत , अचल वार्ता। हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष बंतो कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के प्रत्येक अनुसूचित जाति के लोगों के साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक गरीब पीड़ित व्यक्ति की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में शिकायत लेकर आने वाले पीड़ित व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उसकी समस्या को गंभीरता से सुनते हुए समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष बंतो कटारिया ने गुरूवार को लघु सचिवालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान 22 शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के निपटारे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके समक्ष जो भी शिकायत आती है उसका तुरंत समाधान किया जाता है।
आंगनवाड़ी केंद्र के लिए स्थान उपलब्ध करवाने के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान गांव अगवानपुर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने आंगनवाड़ी केंद्र के लिए उचित स्थान उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इस पर आयोग की अध्यक्ष ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के संचालन के लिए विद्यालय में स्थान उपलब्ध करवाने की संभावनाओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों को सुविधाजनक स्थान पर आंगनवाड़ी सेवाएं मिल सकें।
मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने की शिकायत पर जांच समिति गठित
जनसुनवाई में एडवोकेट सुशीला ने मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने से संबंधित शिकायत रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए बंतो कटारिया ने जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा एक अधिवक्ता को शामिल किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि समिति एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे, ताकि मामले में तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
माता की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जांच के निर्देश
गांव गढ़ी बाला निवासी रजनीश ने अपनी माता की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से संबंधित शिकायत आयोग की अध्यक्ष के समक्ष रखी। बंतो कटारिया ने इस मामले में डीसीपी को जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बचने नहीं दिया जाना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएं।
नंगला बहलौल के घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए राजस्व रिकॉर्ड की जांच के निर्देश
गांव नंगला बहलौल के निवासियों ने अपने घरों तक बिजली की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इस पर आयोग की अध्यक्ष ने अतिरिक्त उपायुक्त को संबंधित गांव के राजस्व रिकॉर्ड की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड की स्थिति स्पष्ट करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र परिवारों के घरों तक बिजली पहुंचाने की संभावनाओं पर काम किया जा सके और लोगों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाने में आने वाली बाधाओं का समाधान हो।
एससी चौपाल की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश
गांव बड़ी निवासी रघुनाथ ने शिकायत दी कि अनुसूचित जाति चौपाल की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। इस पर बंतो कटारिया ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) को निर्देश दिए कि मामले की जांच की जाए। यदि चौपाल की जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाता है, तो नियमानुसार उसे हटवाने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतें अधिकारी
अध्यक्ष बंतो कटारिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि अनुसूचित जाति के लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। विशेष रूप से गरीब, जरूरतमंद और वंचित वर्गों से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करें और लोगों को उनके मामलों में की गई कार्रवाई की जानकारी भी दें, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अजय चौपड़ा, डीसीपी जितेंद्र गहलावत, एसीपी जोगिन्दर शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।