सोनीपत , अचल वार्ता। सोनीपत के बारोटा गांव में गुरुवार सुबह गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सफियाबाद रोड स्थित लीजेंड पॉली फोम प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में सुबह करीब चार बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी भयानक थी कि फैक्ट्री की तीन तरफ की दीवारें ढह गईं। हादसे के दौरान फैक्ट्री में दो लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। फैक्ट्री में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।