बौद्धिक पत्रकारिता कार्यशाला में भारत-नेपाल मैत्री, पत्रकारिता और सामाजिक सरोकार का संदेश
सोनीपत, अचल वार्ता । सकारात्मक सोच और निरंतर कोशिश ही कामयाबी की राह बनाती है।” इसी संदेश के साथ जिला प्रेस क्लब सोनीपत, हरियाणा के नेतृत्व में आयोजित बौद्धिक पत्रकारिता कार्यशाला-2026, पोखरा, नेपाल में समाज, पत्रकारिता, साहित्य, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला प्रेस क्लब सोनीपत के अध्यक्ष राजेश कुमार खत्री ने की, जबकि क्लब के संस्थापक अध्यक्ष पवन बंसल ने ‘देव नमन’ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ कराया। क्लब के महासचिव सुखबीर सैनी ने संस्था की गतिविधियों और उद्देश्य से अतिथियों को अवगत कराया। सह-सचिव हरीश भोरिया ने मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम को प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृष्ण प्रसाद बास्तौला ने कहा कि समाज में अच्छा कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सार्वजनिक सम्मान उन्हें प्रोत्साहन देने के साथ-साथ दूसरों के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार और मानवीय रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रेस क्लब सोनीपत का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के अच्छे कार्य को सम्मान मिलना समाज में सकारात्मक सोच को मजबूत करता है और नई पीढ़ी को देश व समाजहित में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। भारत के विभिन्न राज्यों में आयोजित बौद्धिक पत्रकारिता कार्यशालाओं के बाद नेपाल में कार्यक्रम आयोजित करना सीमाओं से परे पत्रकारिता और सामाजिक संवाद का सकारात्मक संदेश है।
इस अवसर पर क्लब के महासचिव सुखबीर सैनी एवं कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर वशिष्ठ ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मान-पत्र प्रदान किए।कार्यक्रम में वरिष्ठ अतिथि गणेश बराइली, अंतर्राष्ट्रीय मानव मिलन संस्था पोखरा की सावित्री, समाजसेवी नारायण प्रसाद पौडेल, मेजर दिल बहादुर गुरुङ, कमला पराजुली, साहित्यकार डॉ. नारायण प्रसाद अधिकारी, पत्रकार रविंद्र माकाजु ,मानव अधिकार संस्था से राम बहादुर पौडेल, वरिष्ठ समाजसेवी डिल्लीराम बास्तौला तथा मीडिया कर्मी बीना कुमारी थापा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने जिला प्रेस क्लब सोनीपत द्वारा भारत के विभिन्न राज्यों में पूर्व में आयोजित बौद्धिक पत्रकारिता कार्यशालाओं की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता को केवल समाचार तक सीमित न रखकर सामाजिक चेतना, प्रतिभा सम्मान और भारत-नेपाल मैत्री के सेतु के रूप में आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में अनिल खत्री, गोहाना; अरुण दूहन कटवाल; संजीव घनगस; सुनील कुमार खरखौदा; जसबीर सिंह खत्री; सोमपाल सैनी; श्याम सुंदर शर्मा; कुलदीप सिंह सहित क्लब के उपाध्यक्ष रवींद्र वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। विश्व पटल पर सकारात्मक पत्रकारिता का संदेश
पोखरा की धरती पर आयोजित यह कार्यशाला केवल पत्रकारिता का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रतिभा सम्मान, सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और भारत-नेपाल के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने की पहल के रूप में सामने आई। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि अच्छे कार्य को पहचान और सम्मान मिले तो उसकी सकारात्मक ऊर्जा समाज की सीमाओं से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0