कृषि : झारखंड में प्राकृतिक खेती पर जोर, 200-500 एकड़ के बागवानी क्लस्टर बनेंगे
गुमला, अचल वार्ता। झारखंड में मिट्टी की गुणवत्ता और कृषि भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए किसानों को प्राकृतिक खाद तथा टिकाऊ खेती के तरीकों को अपनाने की सलाह दी गई है। राज्य के कृषि सचिव अबूबकर सिद्दीकी ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के बढ़ते इस्तेमाल से झारखंड की मिट्टी अम्लीय होती जा रही है। उन्होंने किसानों से यूरिया सहित रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कृषि सचिव सोमवार को गुमला में आयोजित दो दिवसीय ‘खेत बचाओ अभियान’ का उद्घाटन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसानों को मिट्टी संरक्षण, प्राकृतिक खेती और बागवानी से जुड़ी आधुनिक तथा टिकाऊ तकनीकों के प्रति जागरूक करना है। किसानों को प्रशिक्षण देकर खेती की लागत और मिट्टी पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को कम करने की दिशा में काम किया जाएगा।
सिद्दीकी ने अधिकारियों को स्थानीय भौगोलिक और कृषि परिस्थितियों के अनुसार 200 से 500 एकड़ तक के क्लस्टर आधारित बागवानी प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी। इससे किसान समूहों के माध्यम से बागवानी और अन्य कृषि गतिविधियों को संगठित रूप से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में गुमला के उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने भी किसानों से कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार खेती की तकनीक अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया।
कृषि सचिव ने गुमला में रागी यानी मड़ुआ की खेती और अंडा उत्पादन के क्षेत्र में हुई प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले को मड़ुआ की खेती और प्रसंस्करण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। झारखंड मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर है, लेकिन अंडे की जरूरत पूरी करने के लिए अभी भी दूसरे राज्यों पर निर्भरता बनी हुई है।
अभियान के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खाद, मिट्टी संरक्षण और क्लस्टर आधारित बागवानी से जोड़ने की योजना है। इसका उद्देश्य खेती को टिकाऊ बनाना और किसानों की आय के अवसर बढ़ाना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0