अयोध्या: महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय में नशामुक्त युवा अभियान, 200 विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
अयोध्या के महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। 200 विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली।
अयोध्या, अचल वार्ता। महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय, अयोध्या में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ के निर्देशानुसार संचालित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ तीन माह संकल्प अभियान (सितंबर-दिसंबर 2026) के अंतर्गत आयोजित हुआ। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कुलपति के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. भानु प्रताप सिंह के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति डॉ. राजीव कुमार मिश्र उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. गिरीश छिम्वाल, संकायाध्यक्ष (शैक्षणिक) डॉ. रीता जायसवाल, उप-कुलसचिव सुजीत कुशवाहा, सहायक कुलसचिव अनिल तिवारी, खेल संयोजक एवं एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. राम लखन सिंह, उप खेल संयोजक आशुतोष मौर्य, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विवेक कुमार सिंह तथा नशामुक्ति नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार सहित विभिन्न संकायाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य मौजूद रहे।
खेल गतिविधियों और शपथ के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश
खेल संयोजक एवं एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. राम लखन सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान खेल गतिविधियों, नशामुक्ति जागरूकता और सामूहिक शपथ के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
नशामुक्ति नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। साथ ही विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान और नशामुक्ति के लिए उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।
स्वस्थ और अनुशासित युवा ही विकसित भारत की ताकत: डॉ. राजीव कुमार मिश्र
मुख्य अतिथि प्रति-कुलपति डॉ. राजीव कुमार मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। खेल से जीवन में अनुशासन आता है और अनुशासित, स्वस्थ एवं नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन में इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन को सफल बनाने में प्रशासनिक कार्यालय से अनुभव मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं खेल संयोजक एवं एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. राम लखन सिंह तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विवेक कुमार सिंह की भूमिका सराहनीय रही।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करना ही एक स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
"नशामुक्त युवा, स्वस्थ समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।"
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0