अयोध्या: खंडासा पुलिस पर उठ रहे सवाल, चोरी की घटनाओं के खुलासे को तरस रहे ग्रामीण

अयोध्या के मिल्कीपुर स्थित खंडासा थाना क्षेत्र में कई महीनों से चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी है। रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं।

Jul 5, 2026 - 16:23
 0  0
अयोध्या: खंडासा पुलिस पर उठ रहे सवाल, चोरी की घटनाओं के खुलासे को तरस रहे ग्रामीण

कई महीनों बाद भी लंबित हैं कई मामलों की जांच, रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी उठे सवाल

मिल्कीपुर, अयोध्या, अचल वार्ता। खंडासा थाना क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे में हो रही देरी से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के कई गांवों में बीते महीनों के दौरान हुई चोरी की वारदातों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ने के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। 

 ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच करती है और जल्द खुलासे का भरोसा देती है, लेकिन अधिकांश मामलों में अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। कई मामलों की विवेचना भी लंबे समय से लंबित बताई जा रही है। क्षेत्र के सुगन का पुरवा, कोटिया, विनायक पुर, पूरे झाऊ मिश्र और अमरगंज खंडासा सहित कई गांवों में पहले हुई चोरी की घटनाओं का आज तक खुलासा नहीं हो पाया है। पीड़ित परिवार अब भी कार्रवाई और न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। 

 ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात्रि गश्त प्रभावी न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि यदि नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और लंबित मामलों के शीघ्र खुलासे पर गंभीरता से कार्य किया जाए तो ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से लंबित चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने, रात्रि गश्त को सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

  उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को बाध्य होंगे। सीओ पीयूष पाल ने बताया कुछ कुछ प्रयास में लगे हुए हैं अभी जल्द में इनायतनगर में लूट के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है खंडासा क्षेत्र में टीम लगाई गई है जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0