राजस्थान में 7,840 पदों पर भर्ती की तैयारी, VDO-पटवारी के नोटिफिकेशन जल्द

Nov 24, 2026 - 13:14
 0  0
राजस्थान में 7,840 पदों पर भर्ती की तैयारी, VDO-पटवारी के नोटिफिकेशन जल्द
प्रतिकात्मक फोटो

जयपुर, अचल वार्ता। राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नए साल में रोजगार के नए अवसर सामने आ सकते हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड लगभग 7,840 पदों पर छह नई भर्तियां लाने की तैयारी कर रहा है। इनमें ग्राम विकास अधिकारी (VDO), राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), शारीरिक शिक्षा अध्यापक (PTI), टैक्स असिस्टेंट, पटवारी और कोच के पद शामिल हैं।

ईटीवी भारत से बातचीत में कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने प्रस्तावित भर्तियों की जानकारी दी। उनके अनुसार, सबसे बड़ी भर्ती ग्राम विकास अधिकारी के लगभग 4,000 पदों पर हो सकती है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में करीब 2,000 पदों और शारीरिक शिक्षा अध्यापक के लगभग 1,200 पदों पर भर्ती की तैयारी है।

प्रस्तावित सूची में टैक्स असिस्टेंट के लगभग 300, पटवारी के करीब 200 और कोच के लगभग 140 पद शामिल हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 7,840 पदों पर छह भर्ती प्रक्रियाएं शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।

बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, VDO और पटवारी भर्ती के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के अंकों का उपयोग किया जाएगा। इसलिए इन दोनों भर्तियों के नोटिफिकेशन CET की संबंधित परीक्षाओं के बाद जारी किए जाने की संभावना है। दिसंबर में प्रस्तावित CET सीनियर सेकेंडरी और जनवरी में होने वाली CET ग्रेजुएशन परीक्षा के बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।

पटवारी भर्ती में पदों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि अंतिम पद संख्या, आरक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और आवेदन की तारीख आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

राजस्थान में बड़ी संख्या में युवा सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं। ऐसे में लगभग आठ हजार पदों पर प्रस्तावित भर्तियों की जानकारी से अभ्यर्थियों में उम्मीद बढ़ी है। विशेष रूप से VDO और NHM की भर्ती ग्रामीण विकास तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े युवाओं के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है ।

अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले विज्ञापनों और परीक्षा कैलेंडर पर नजर रखें। फिलहाल ये पद प्रस्तावित भर्ती योजना का हिस्सा हैं; आवेदन प्रक्रिया और अंतिम पद संख्या की पुष्टि आधिकारिक अधिसूचना से होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0