सिंहस्थ 2028: 2,801 करोड़ की 33 योजनाओं को मंजूर
भोपाल/उज्जैन, अचल वार्ता। मध्यप्रदेश में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले उज्जैन सिंहस्थ की तैयारियों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2,801.75 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्वीकृत और जारी कार्यों को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा जाए। सिंहस्थ को स्वच्छ और हरित आयोजन के रूप में आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को मंत्रालय में सिंहस्थ से जुड़े कार्यों की स्वीकृति और निगरानी के लिए गठित कैबिनेट उपसमिति की सातवीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, स्वच्छता, परिवहन, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
उज्जैन नगर निगम की ओर से मेला क्षेत्र में शौचालय, स्नानघर और उनके संचालन एवं रखरखाव के लिए 393.53 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया। लगभग 2,584 हेक्टेयर में फैले मेला क्षेत्र में स्वच्छता सुविधाएं विकसित करने की योजना है। महिलाओं की सुविधा के लिए घाटों पर 185 चेंजिंग रूम बनाने का भी प्रस्ताव है।
ठोस कचरा प्रबंधन, सफाई और मच्छर नियंत्रण के लिए 153.73 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित की गई है। मुख्य स्नान के दिनों में बड़ी मात्रा में कचरा निकलने की संभावना को देखते हुए लगभग 13 हजार सफाईकर्मियों की तैनाती की योजना है। क्षिप्रा नदी के पानी की गुणवत्ता सुधारने और उसकी निगरानी के लिए भी अलग से राशि प्रस्तावित की गई है।
बिजली विभाग ने मेला क्षेत्र, घाटों और प्रमुख मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए लगभग 388 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तुत की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं, उपकरणों और प्राथमिक उपचार व्यवस्था के लिए 27.78 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया। श्रद्धालुओं को घाटों, अखाड़ों, पार्किंग स्थलों और परिवहन केंद्रों के बीच लाने-ले जाने के लिए 2,000 बसों के संचालन की योजना भी शामिल है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए गृह विभाग ने आधुनिक उपकरणों और वाहनों की खरीद के वास्ते 1,862.67 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है। इसमें बम निरोधक दस्तों, सुरक्षा उपकरणों, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन से जुड़े संसाधन शामिल हैं। सिंहस्थ के दौरान लगभग 100 बम निरोधक दस्तों की आवश्यकता का अनुमान लगाया गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और समयसीमा का पालन करने के निर्देश दिए हैं। सिंहस्थ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सरकार का लक्ष्य है कि आयोजन से पहले बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह तैयार रहें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0