ऑपरेशन FAST 2.0: साइबर कार्रवाई में मध्यप्रदेश पुलिस देश में नंबर वन
भोपाल, अचल वार्ता। मध्यप्रदेश की राज्य साइबर पुलिस सेल ने ऑपरेशन FAST 2.0 में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर दूरसंचार विभाग (DoT) ने राज्य साइबर पुलिस की सराहना की है। साइबर अपराधों में दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने और तकनीकी समन्वय बेहतर बनाने की दिशा में राज्य पुलिस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया है। सोमवार को भोपाल स्थित राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय में साइबर पुलिस और दूरसंचार विभाग के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक हुई। बैठक में फर्जी सिम कार्ड की पहचान, संदिग्ध मोबाइल उपकरणों के IMEI नंबर ब्लॉक करने और साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले दूरसंचार संसाधनों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई।
इस दौरान नोडल अधिकारी सब-इंस्पेक्टर राहुल सिंह दांगी और तकनीकी सहायक आरक्षक शिवम निलोसे के योगदान की विशेष सराहना की गई। दोनों को प्रशस्ति प्रमाणपत्र से सम्मानित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में दूरसंचार विभाग के अधिकारियों ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) और डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म (DIP) पोर्टल की कार्यप्रणाली तथा नई सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इन प्लेटफॉर्म की मदद से मोबाइल उपकरणों की पहचान, संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण और दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग पर कार्रवाई में सहायता मिलती है।
अधिकारियों ने इस बात पर भी चर्चा की कि फर्जी सिम कार्ड के माध्यम से होने वाली ठगी को कैसे रोका जाए और संदिग्ध IMEI नंबरों की पहचान कर उन्हें ब्लॉक करने की प्रक्रिया को तेज कैसे बनाया जाए। दूरसंचार विभाग ने ऐसे मामलों से जुड़ी जानकारी साइबर पुलिस के साथ साझा करने पर सहमति जताई, ताकि समय पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
डिजिटल लेनदेन और मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों के तरीके भी बदल रहे हैं। फर्जी सिम, चोरी या गलत पहचान वाले मोबाइल उपकरणों और ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल होने वाले नंबरों की पहचान करना जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण हो गया है।
मध्यप्रदेश साइबर पुलिस की इस उपलब्धि को राज्य में तकनीकी समन्वय और साइबर अपराध नियंत्रण के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, दूरसंचार विभाग और पुलिस के बीच सूचनाओं का बेहतर आदान-प्रदान साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को अधिक प्रभावी बना सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0