धनबाद में बिनोद बिहारी चौक से पॉलीटेक्निक मोड़ तक सड़क होगी फोरलेन

Nov 24, 2026 - 11:05
 0  0
धनबाद में बिनोद बिहारी चौक से पॉलीटेक्निक मोड़ तक सड़क होगी फोरलेन
प्रतिकात्मक फोटो

धनबाद, अचल वार्ता। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बिनोद बिहारी चौक से पॉलीटेक्निक मोड़ तक की सड़क को फोरलेन बनाने की पहल की है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने पथ निर्माण विभाग को सड़क चौड़ीकरण के सभी संभावित विकल्पों पर विचार कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है। प्रस्ताव तैयार होने के बाद इसे राज्य सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से शहर में सड़क निर्माण और विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण और शहरी आधारभूत सुविधाओं पर चर्चा की। इसी दौरान बिनोद बिहारी चौक से पॉलीटेक्निक मोड़ तक सड़क को फोरलेन बनाने का निर्णय लिया गया।

इस मार्ग पर कई कॉलेज और स्कूल स्थित हैं। सड़क संकरी होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम यात्रियों को आवागमन में परेशानी होती है। कई बार लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। आठ लेन सड़क बनने के बाद शहर के लोग इसी मार्ग से बिनोद बिहारी चौक की ओर पहुंचते हैं, इसलिए इस सड़क पर यातायात का दबाव भी बढ़ा है।

उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग को निर्देश दिया है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए सभी विकल्पों का अध्ययन कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए। माना जा रहा है कि पॉलीटेक्निक कॉलेज के बाहर से सड़क निकालने के विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि सड़क किस दिशा से गुजरेगी और किन स्थानों पर चौड़ीकरण किया जाएगा, इसका अंतिम निर्णय तकनीकी अध्ययन के बाद ही होगा।

इस संबंध में रांची से आने वाली तकनीकी टीम सड़क की व्यवहार्यता का आकलन करेगी। उसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट के आधार पर आगे की योजना तैयार की जाएगी। इसके बाद प्रस्ताव को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के लिए राज्य सरकार के समक्ष भेजा जाएगा।

बैठक में भूदा-रानी रोड चौड़ीकरण, ब्रह्माणडीह-करियो रोड और सर्किट हाउस रोड से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं करने की बात कही।

यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है और निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार पूरा होता है, तो बिनोद बिहारी चौक से पॉलीटेक्निक मोड़ तक यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। इससे विद्यार्थियों, स्थानीय निवासियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिल सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0