जमुई सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से दो फुटबॉल खिलाड़ियों की मौत

Nov 24, 2026 - 10:35
 0  0
जमुई सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से दो फुटबॉल खिलाड़ियों की मौत
प्रतिकात्मक फोटो

जमुई, अचल वार्ता। बिहार के जमुई जिले में सड़क दुर्घटना ने दो युवा फुटबॉल खिलाड़ियों की जान ले ली, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सोमवार शाम मोहनपुर थाना क्षेत्र के ककनचोर स्थित काजू बागान मोड़ के पास हुआ। तीनों युवक फुटबॉल मैच खेलकर एक ही बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के कसैया गांव निवासी दिनेश टुड्डू और रवीन मुर्मू के रूप में हुई है। दिनेश की उम्र 16 वर्ष और रवीन की उम्र 20 वर्ष बताई गई है। हादसे में घायल तीसरे युवक की पहचान शिवशंकर मुर्मू के रूप में हुई है, जिसकी उम्र भी लगभग 20 वर्ष बताई गई है।

बताया गया है कि तीनों युवक सोमवार को बरहट इलाके में फुटबॉल मैच खेलने गए थे। मैच समाप्त होने के बाद वे एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। काजू बागान के पास घुमावदार मोड़ पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मोहनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवशंकर मुर्मू को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल जमुई रेफर किया गया। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।

पुलिस के अनुसार ट्रक चालक दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

दो युवा खिलाड़ियों की मौत से कसैया गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को सहायता देने और फरार चालक को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। खेल के मैदान से लौट रहे युवाओं के साथ हुई इस दुर्घटना ने परिवारों और स्थानीय खेल समुदाय को गहरा आघात पहुंचाया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0