झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र कल से, MMDR और SIR पर सत्ता पक्ष-विपक्ष में टकराव के आसार
रांची, अचल वार्ता। झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आयोजित होने जा रहा है। सत्र से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन (एमएमडीआर) और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक कर सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक की। बैठक में आगामी विशेष सत्र की रणनीति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि वे तथ्यों और पूरी तैयारी के साथ सदन में मौजूद रहें तथा सरकार की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों को मजबूती से रखें।
बैठक में एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर राज्य सरकार की चिंताओं पर विशेष चर्चा हुई। सत्ता पक्ष की आपत्ति उन प्रावधानों को लेकर है, जिनसे खनिज युक्त भूमि पर उपकर लगाने के राज्यों के अधिकार सीमित होने की आशंका जताई जा रही है। झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और राज्य के राजस्व में खनन क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में सरकार का तर्क है कि नए कानूनी प्रावधानों से राज्य की आय पर असर पड़ सकता है।
बैठक में मौजूद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के. राजू ने भी एमएमडीआर संशोधन और एसआईआर को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर अतिरिक्त कर या उपकर लगाने की राज्य की शक्तियों पर प्रतिबंध से झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों के हित प्रभावित हो सकते हैं। उनके अनुसार इससे राज्य को सालाना हजारों करोड़ रुपये के संभावित राजस्व नुकसान का खतरा है। यह विपक्षी और सत्ता पक्ष के बीच बहस का प्रमुख मुद्दा बन सकता है।
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने भी विशेष सत्र में सरकार के सवालों का जवाब देने की तैयारी की है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में सरकार की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों पर पार्टी की रणनीति तय की गई।
भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि एसआईआर चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है और इसे किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम बताना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया लगभग 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। भाजपा का कहना है कि यदि किसी क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की शिकायत है तो संबंधित सूची चुनाव आयोग, उपायुक्त और बूथ स्तर के अधिकारियों को उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
इस प्रकार विशेष सत्र में एक ओर खनिज राजस्व और राज्य के अधिकारों का मुद्दा रहेगा, तो दूसरी ओर मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल सकते हैं। सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के रुख से झारखंड की आगामी राजनीतिक दिशा पर भी असर पड़ सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0