बसखारी की पंचायतों में 'डबल धमाका' विकास: एक ही काम पर दो बार बिल, पोर्टल पर कुछ और ज़मीन पर कुछ और!
अम्बेडकरनगर अचल वार्ता। प्रदेश में भले ही जीरो टॉलरेंस की ताल ठोकी जा रही हो, लेकिन बसखारी विकास खण्ड की एक दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों में विकास के नाम पर मल्टी-टास्किंग और रिपीट टेलीकास्ट का नया फॉर्मूला चलता दिख रहा है। आरोप है कि यहां सरकारी खजाने का इस्तेमाल इतने रचनात्मक तरीके से हो रहा है कि एक ही काम का बिल अलग-अलग सालों में दो बार पास हो जा रहा है और पुरानी वर्क आईडी भी विंटेज एडिशन की तरह दोबारा चल जा रही है। ग्राम पंचायत टंडवा मिश्र, अरुसा आजमपुर, केवटला, मुजाहिदपुर, और टंडवा दरब समेत दर्जन भर से ज्यादा पंचायतों के ऑनलाइन रिकॉर्ड और ज़मीनी हकीकत के बीच ऐसी खाई बताई जा रही है, जिसमें पूरा ऑडिट समा जाए। आरोपों के मुताबिक कहीं काम की प्रकृति से उलट भुगतान हुआ, कहीं बिना तारीख वाली रसीदें वेबसाइट पर अपलोड कर दी गईं, तो कहीं मस्टर रोल में मज़दूरों के नाम-पते ही गायब मिले मानो काम भूतों या हवा के झोंके ने कर दिया हो। ऊपर से केंद्रीय वित्त आयोग के टाइड फंड की रकम भी तय कामों के बजाय दूसरी जगहों पर 'डायवर्ट' करने के आरोप हैं। अब सवाल यह है कि जब पोर्टल पर विकास दौड़ रहा है, तो ज़मीन पर वह कहां 'अंडर ग्राउंड' हो गया है? फिलहाल मांग ज़ोर पकड़ रही है कि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और पंचायती राज विभाग के बड़े साहब लोग कागज़ों की फाइलों से निकलकर ज़मीनी हकीकत देखें और वित्तीय ऑडिट कराएं। अब देखने वाली बात यह होगी कि दोषियों पर सख़्त एक्शन का चाबुक चलता है या फिर सरकारी रकम के इस खेल पर विभाग की 'मौन-व्रत' वाली मुद्रा ही जारी रहती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0