गोंदिया में पंवार समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यपाल बिसेन

Nov 25, 2026 - 17:02
 0  0
गोंदिया में पंवार समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यपाल बिसेन

देहरादून , अचल वार्ता । उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने बुधवार को महाराष्ट्र के गोंदिया में पंवार प्रगतिशील मंच द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने समाज के लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए शिक्षा, सामाजिक एकता, सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि गोंदिया में पंवार समाज की संगठित यात्रा वर्ष 1900 से निरंतर आगे बढ़ रही है। समाज को शिक्षित, संगठित और प्रगतिशील बनाने में पूर्वजों का योगदान अत्यंत प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने वर्ष 1976 में स्थापित श्री प्रगतिशील शिक्षण संस्था तथा वर्ष 1991 में गठित पंवार प्रगतिशील मंच की भूमिका की भी सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा समाज की उन्नति का सबसे सशक्त आधार है। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। बेटियों को शिक्षा के समान अवसर देने के साथ युवाओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, विज्ञान और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना होगा। युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बनें। राज्यपाल ने पंवार प्रगतिशील मंच द्वारा सांस्कृतिक भवन एवं छात्रावास निर्माण, चिकित्सा शिविर, सामूहिक विवाह तथा सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा सभी समुदायों को साथ लेकर चलने तथा चिकित्सा शिविरों का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचाने की पहल सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

किसानों के कल्याण पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसान पूरे राष्ट्र की अन्न सुरक्षा का आधार हैं। आधुनिक कृषि पद्धतियों, जैविक खेती, दुग्ध उत्पादन और बेहतर बाजार व्यवस्था को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। शिक्षा, सेवा, आत्मनिर्भरता, नवाचार और सामाजिक समरसता को विकास का आधार बनाना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी क्षेत्रीय और सांस्कृतिक विविधताएं हमारी शक्ति हैं, लेकिन हमारी सर्वोपरि पहचान भारतीयता और राष्ट्र के प्रति समर्पण है।

 इस अवसर पर राज्यपाल ने युवाओं और समाज के लोगों से अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने, जरूरतमंदों की सहायता करने, किसानों का सम्मान करने और सभी समुदायों को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0