हरदोई: खेत बचाओ अभियान से किसानों को जोड़ रहा इफको, रैसो में आयोजन
नैनो यूरिया, डीएपी और जिंक के वैज्ञानिक उपयोग पर विशेषज्ञों ने दिए सुझाव
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (अचलवार्ता)। इफको के खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत विकासखंड कछौना के ग्राम रैसो में नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और नैनो जिंक के उपयोग, लाभ तथा फसल पोषण प्रबंधन में उनकी भूमिका की जानकारी दी गई।प्रगतिशील किसान केवलजीत सिंह के खेत पर आयोजित कार्यक्रम में इफको, लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत वर्मा तथा कृषि विज्ञान केंद्र द्वितीय, संडीला के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक पंकज नौटियाल और वैज्ञानिक टी.एन. राय ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में बताया।इस दौरान खेत में नैनो यूरिया आधारित फसल प्रदर्शन दिखाया गया। विशेषज्ञों ने फसल की स्थिति के आधार पर किसानों को नैनो यूरिया की उचित प्रयोग विधि और दानेदार यूरिया के संतुलित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उर्वरकों का इस्तेमाल फसल की आवश्यकता, मृदा परीक्षण और कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार करना चाहिए। संतुलित पोषण प्रबंधन से मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण और टिकाऊ खेती को बढ़ावा मिल सकता है।क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत वर्मा ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और उर्वरकों का वैज्ञानिक ढंग से उपयोग करने की अपील की। वहीं, कृषि वैज्ञानिकों ने नैनो उर्वरकों के प्रयोग, फसल पोषण प्रबंधन और मृदा स्वास्थ्य से जुड़े किसानों के सवालों के जवाब दिए।कार्यक्रम में इफको जिला प्रबधक आकाश चतुर्वेदी, बालामऊ से सर्वजीत सिंह, सचिन और सुवेश पाल सहित क्षेत्र के अनेक किसान मौजूद रहे। खेत पर हुए प्रदर्शन के माध्यम से किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग और संतुलित उर्वरक प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0