सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने पर जोर, विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश
हरदोई , अचल वार्ता। विवेकानन्द सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड तथा निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय योजनाओं की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी विभाग की खराब प्रगति से जनपद की रैंकिंग प्रभावित हो सकती है, इसलिए सभी अधिकारी अपने विभाग की रैंकिंग पर विशेष ध्यान देते हुए सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करें।
उन्होंने संबंधित योजनाओं और परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा जिन बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति नहीं है, उनमें तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, ग्रामीण विकास सहित निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी ली गई।
डीएम ने अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करने तथा निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करें और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट रखें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0