शाहाबाद मंडी की अव्यवस्था हाईवे तक पहुंची, घंटों जाम से जूझते रहे राहगीर
हरदोई (अचल वार्ता) तहसील शाहाबाद क्षेत्र मे खेतों मे बारिश का पानी कम होने के बाद धान की कटाई में तेजी आई तो शाहाबाद मंडी समिति में धान से लदी ट्रालियों की आवक बढ़ गई। इसके चलते मंडी के बाहर हाईवे पर घंटों जाम लगा रहा। वाहनों की लंबी कतारों से यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।हैरानी की बात यह है कि मंडी परिसर के अंदर ही एसडीएम का आवास है और बीचोंबीच मंडी सचिव का कार्यालय स्थापित है। इसके बावजूद मंडी की अव्यवस्थाओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। हाईवे पर लगने वाले जाम से जहां आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं किसान भी अपनी उपज लेकर घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।किसानों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंडी परिसर में कुछ आढ़तियों द्वारा सड़कों पर धान जमा कर दिए जाने से आवागमन के रास्ते बंद हो गए हैं। इसके चलते ट्रालियों की आवाजाही बाधित होती है और उनकी कतारें मंडी से बाहर हाईवे तक पहुंच जाती हैं। यदि मंडी के भीतर रास्ते खाली रखे जाएं और ट्रालियों के आवागमन की समुचित व्यवस्था हो, तो जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।मंडी परिसर में एसडीएम आवास और मंडी सचिव कार्यालय होने के बावजूद समस्या का बने रहना प्रशासनिक निगरानी और मंडी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। एक ओर किसान अपनी उपज लेकर परेशान हैं, तो दूसरी ओर हाईवे पर जाम के कारण राहगीरों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने मंडी परिसर के रास्ते खाली कराने, ट्रालियों की आवाजाही सुचारु करने और हाईवे पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
- संवाददाता
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0