हरदोई: शिकायत के बाद भी नहीं थमा विवाद, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय और सुरक्षा की गुहार
हरदोई,अचल वार्ता । मल्लावां थाना क्षेत्र के कोकटमऊ गांव में पट्टे की भूमि को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस अधीक्षक के दरबार तक पहुंच गया है। गांव निवासी सुदामा तिवारी ने स्थानीय पुलिस पर पूर्व में दिए गए शिकायती पत्र के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, परिवार की सुरक्षा तथा आरोप सही पाए जाने पर विपक्षियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।सुदामा तिवारी के अनुसार उन्होंने गांव के ही कपिल मुनि तिवारी, आलोक तिवारी और विनय तिवारी के खिलाफ पट्टे की भूमि पर कब्जे को लेकर पूर्व में पुलिस से शिकायत की थी।
आरोप है कि शिकायत के बाद भी मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते विवाद थमने के बजाय लगातार बढ़ता गया।पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने के बाद विपक्षी पक्ष की ओर से उस पर दबाव बनाने और धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में उनके साथ कई बार जानलेवा हमला करने का प्रयास किया जा चुका है। इन कथित घटनाओं के चलते परिवार के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।सुदामा तिवारी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की जांच स्थानीय स्तर से इतर किसी सक्षम अधिकारी से निष्पक्ष रूप से कराई जाए, ताकि तथ्यों की वास्तविकता सामने आ सके।
उन्होंने कहा है कि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर वैधानिक एवं निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।पीड़ित ने अपने और परिवार के सदस्यों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि पुलिस अधीक्षक स्तर से मामले में क्या कार्रवाई होती है और भूमि विवाद से जुड़े आरोपों की जांच किस निष्कर्ष तक पहुंचती है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0