हरदोई में SIR पर गरमाई सियासत, कलेक्ट्रेट गेट पर सपा ने फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला
हरदोई ,अचल वार्ता । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच बुधवार को हरदोई में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और SIR की प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के दौरान खासकर अल्पसंख्यक समाज और समाजवादी पार्टी से जुड़े मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उनका कहना था कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शी तरीके से होना चाहिए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। सपा नेताओं ने कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में मतदाता सूचियों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले SIR की प्रक्रिया को लेकर भी राजनीतिक दलों और मतदाताओं के बीच आशंकाएं हैं।
सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता सूची बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची से हट जाता है तो उसके मतदान के अधिकार पर सीधा असर पड़ सकता है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई और कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को प्रदेशभर में आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा, “पहले हमारी लड़ाई गोरों से थी, अब लड़ाई हमारी चोरों से है।” सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र और संविधान को खतरे में डालने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेश के विभिन्न चौराहों पर पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता, समाजवादी पार्टी युवजन सभा के पूर्व पदाधिकारी हरिनाम यादव, व्यापार सभा जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता ‘मिन्ना’, जिला महासचिव अवनीश यादव, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ‘दीपू’, जितेंद्र यादव, अनिल यादव, पंकज यादव, आकाश यादव, शुभम गुप्ता, विकास त्रिपाठी, विकास गुप्ता समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हरदोई में हुआ यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ जब SIR और मतदाता सूची को लेकर विपक्षी दलों की ओर से देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध दर्ज कराया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0