“फिसलन, बयान और कानून: कड़ाही में गिरने से मौत, अब सच की आंच पर खौलता केस”

Mar 26, 2026 - 18:41
Mar 27, 2026 - 08:57
 0  11
“फिसलन, बयान और कानून: कड़ाही में गिरने से मौत, अब सच की आंच पर खौलता केस”

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। थाना नीमगांव क्षेत्र के मलिकपुर गांव का गन्ना कोल्हू एक हादसे के बाद अब कानूनी बहस का केंद्र बन गया है, 11 मार्च को कुलदीप कुमार गौतम खौलते रस की कड़ाही में गिरकर गंभीर रूप से झुलस गया । शुरुआती जानकारी और वायरल वीडियो में घायल द्वारा खुद “चप्पल फिसलने” की बात कही जा रही है, इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ के बर्न वार्ड तक ले जाया गया, जहां 12 दिन तक चले उपचार के बाद 23 मार्च को उनकी मौत हो गई।

 मामला यहीं तक रहता तो इसे एक दुखद हादसा माना जाता, लेकिन मौत के बाद परिजनों की तहरीर ने कहानी को नया मोड़ दे दिया, थाना नीमगांव में मुकदमा संख्या 107/2026 दर्ज हुआ, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ी गईं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साजिद खां, राशिद खां और हामिद खां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।

 अब पूरा मामला “हादसा बनाम आरोप” की बहस में उलझ गया है, गांव से लेकर सोशल मीडिया तक सवाल गूंज रहा है कि क्या एक वायरल वीडियो किसी केस की दिशा तय कर सकता है या फिर तहरीर और धाराएं ही असली कहानी लिखती हैं।

  चर्चा यह भी है कि यदि घटना के तुरंत बाद ही वीडियो मौजूद था तो बयान और आरोपों के बीच यह अंतर क्यों, वहीं कुछ लोग इसे न्याय प्रक्रिया का हिस्सा मानते हुए कहते हैं कि हर पहलू की जांच जरूरी है, इस बीच पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जा रही है।

किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी, फिलहाल यह घटना सिर्फ एक हादसा नहीं बल्कि उस व्यवस्था की तस्वीर बन गई है, जहां सच, बयान, वीडियो और कानून अपने-अपने तर्कों के साथ आमने-सामने खड़े हैं, और अंतिम फैसला अब अदालत की चौखट पर ही तय होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0