लखीमपुर खीरी : 10 किलो गांजा संग दो तस्कर गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी पुलिस ने फरधान थाना, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 10.135 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी ₹10 हजार का इनामी गैंगस्टर है।
लखीमपुर खीरी अचल वार्ता। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए खीरी पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस अधीक्षक खीरी डा0 ख्याति गर्ग के निर्देशन में थाना फरधान पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरजनपदीय शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10.135 किलोग्राम अवैध गांजा (चिप्पड़) बरामद किया गया।
पकड़े गए आरोपियों में एक ₹10 हजार का इनामी गैंगस्टर भी शामिल है। पुलिस के अनुसार ‘नशा मुक्त अभियान’ के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो तस्कर बुलेट मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर गुजरने वाले हैं।
सूचना मिलते ही थाना फरधान पुलिस और स्वाट टीम ने सटीक रणनीति बनाकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विवेक तिवारी निवासी आनंद नगर सलेमपुर, थाना कोतवाली सदर, लखीमपुर खीरी तथा शिवा उर्फ प्रियांशु अवस्थी निवासी थाना तम्बौर, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का अवैध गांजा बरामद किया है।
तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल (UP-34 BV-1908) को भी सीज कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विवेक तिवारी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह सीतापुर जनपद में गैंगस्टर एक्ट के मामले में ₹10 हजार का इनामी वांछित अपराधी भी था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है।
पुलिस अधीक्षक डा0 ख्याति गर्ग ने कार्रवाई में शामिल थाना फरधान पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपराधियों और तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों पर बढ़ते दबाव की चर्चा तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0