अम्बेडकर नगर : 15 मई को जनपद की सभी 899 ग्राम पंचायतों में आयोजित होगी “ग्रीन चौपाल”

May 12, 2026 - 21:13
 0  7
अम्बेडकर नगर : 15 मई को जनपद की सभी 899 ग्राम पंचायतों में आयोजित होगी “ग्रीन चौपाल”

अम्बेडकरनगर, अचल वार्ता। आगामी 15 मई 2026, दिन शुक्रवार को जनपद की सभी 899 ग्राम पंचायतों में “ग्रीन चौपाल” का आयोजन किया जाएगा। ग्राम पंचायत आधारित इस व्यापक हरित जागरूकता अभियान को सफल बनाने हेतु जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर के ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

  बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को ग्रीन चौपाल के सफल एवं प्रभावी आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा ग्राम स्तर पर अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।

   मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत ग्रीन चौपाल के आयोजन हेतु सभी तैयारियों को समय से पूरा कर लें। उन्होंने कहा कि इस ग्रीन चौपाल अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पौधों की नियमित देखभाल एवं निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार आगामी एक माह की वृक्षारोपण की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

 उन्होंने कहा कि ग्रीन चौपाल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में जनभागीदारी आधारित एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में हरित चेतना विकसित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए।

 बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम के आयोजन को प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं परिणामपरक बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं।

- अमित प्रजापति 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0