चार सफाईकर्मी तैनात, फिर भी गंदगी से जूझ रहा औरंगाबाद का कटरा कुआं
लखीमपुर खीरी के ग्राम पंचायत औरंगाबाद के कटरा कुआं मोहल्ले में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। चार सफाईकर्मी तैनात होने के बावजूद सड़कों और नालियों में गंदगी फैली है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। ग्राम पंचायत औरंगाबाद का मोहल्ला कटरा कुआं बकर कसाब पंचायत की लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन चुका है। अमीर हम्ज़ा मस्जिद के पास सड़कों और नालियों में फैली गंदगी ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि पंचायत में चार-चार सफाईकर्मी तैनात हैं, लेकिन मोहल्ले में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त पड़ी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई सिर्फ सरकारी कागज़ों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बद से बदतर हैं। नालियां सड़ांध मार रही हैं, रास्तों पर कूड़े के ढेर लगे हैं और बीमारी फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई बार शिकायतें होने के बावजूद पंचायत और प्रशासन आंख मूंदे बैठे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक इस मामले की दो बार पैमाइश हो चुकी है और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और ग्राम प्रधान शिओम ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि “जब हर बार सिर्फ पैमाइश ही होनी है और काम नहीं होना, तो फिर जनता को झूठे आश्वासन क्यों दिए जा रहे हैं?” इतना ही नहीं, मोहल्ले में खड़ंजा निर्माण के लिए भी कई बार पैमाइश कराई गई, लेकिन आज तक एक ईंट तक नहीं लगाई गई। बरसात में पूरा इलाका कीचड़ और गंदगी में तब्दील हो जाता है, लेकिन पंचायत को शायद किसी बड़े हादसे या बीमारी फैलने का इंतजार है। मोहल्लावासियों ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई और खड़ंजा निर्माण शुरू नहीं कराया गया, तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पंचायत की होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0