अयोध्या: चौदह कोसी परिक्रमा मंडलायुक्त राजेश कुमार ने 6 घंटे 30 मिनट में पूरी की, व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने अयोध्या की चौदह कोसी परिक्रमा लगभग 6 घंटे 30 मिनट में पूरी की। सहादतगंज हनुमानगढ़ी से शुरुआत कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
- सहादतगंज हनुमानगढ़ी से शुरू की परिक्रमा, श्रद्धालुओं से संवाद कर सुविधाओं का लिया फीडबैक; अधिकारियों को दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
अयोध्या, अचल वार्ता। रामनगरी अयोध्या की प्रसिद्ध चौदह कोसी परिक्रमा मंडलायुक्त राजेश कुमार ने पूरी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ लगभग 6 घंटे 30 मिनट में पूर्ण की। उन्होंने सहादतगंज स्थित हनुमानगढ़ी से परिक्रमा का शुभारंभ किया और निर्धारित परिक्रमा मार्ग से होते हुए यात्रा संपन्न की।
परिक्रमा के दौरान मंडलायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया। विभिन्न स्थानों पर रुककर उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद किया और व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर सभी व्यवस्थाएं निरंतर चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं। श्रद्धालुओं को पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, सुरक्षा और सुगम आवागमन की सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए।
सनातन आस्था और धार्मिक परंपरा का प्रतीक है चौदह कोसी परिक्रमा
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि अयोध्या की चौदह कोसी परिक्रमा सनातन आस्था, श्रद्धा और समृद्ध धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर देश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु प्रभु श्रीराम की नगरी की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना मंडल और जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और परिक्रमा संपन्न होने तक व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0