लखीमपुर खीरी : रसोइयों को योगी सरकार की चार बड़ी सौगातें

Aug 23, 2026 - 17:42
 0  3
लखीमपुर खीरी : रसोइयों को योगी सरकार की चार बड़ी सौगातें

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । सुबह स्कूल की घंटी बजती है तो कक्षाओं में पढ़ाई शुरू होती है, लेकिन उससे पहले विद्यालय की रसोई में भविष्य की तैयारी शुरू हो जाती है। चूल्हे की आंच पर पकता भोजन और बच्चों की थाली में पहुंचता हर निवाला उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई और सपनों से जुड़ा है। इसी भूमिका को सम्मान देते हुए सरकार ने परिषदीय विद्यालयों की रसोइयों को एक साथ चार बड़ी सौगातें दी हैं। मानदेय अब दो हजार से बढ़कर तीन हजार रुपये हो गया है। दुर्घटना में दो लाख रुपये का बीमा कवर, रसोइया अथवा परिवार के किसी सदस्य के लिए सालाना पांच लाख रुपये तक निशुल्क उपचार और वस्त्र भत्ते में दोगुनी बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।

कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आयोजित रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम में रसोइयों के चेहरों पर खुशी नजर आई। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सीडीओ अभिषेक कुमार और बीएसए प्रवीण तिवारी के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग दिखाई गई। इसके बाद डीएम और सीडीओ ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित कर शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में रसोइयों को संबोधित करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह रसोइयों के लिए हर्ष और सौभाग्य का दिन है। मुख्यमंत्री ने एक साथ चार सौगातें देकर उनके योगदान का सम्मान किया है। रसोइयां केवल बच्चों के लिए भोजन तैयार नहीं करतीं, बल्कि पौष्टिक भोजन के माध्यम से उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बच्चे स्वस्थ होंगे तो उनका मन पढ़ाई में लगेगा और सीखने की क्षमता भी बेहतर होगी। 

 आज जिन छह से 14 वर्ष के बच्चों की रसोइयां देखभाल कर रही हैं, वही आगे चलकर देश और प्रदेश की जिम्मेदारी संभालेंगे और वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे। इसलिए रसोइयों की भूमिका केवल रसोई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे देश के भविष्य की नींव मजबूत कर रही हैं। डीएम ने रसोइयों से भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और अपने दायित्व के प्रति पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी बरतने की अपील की।

लखीमपुर खीरी की रसोइया सीमा सिंह को सीएम योगी के हाथों मिला सम्मान

लखीमपुर खीरी की रसोइया सीमा सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर सीमा सिंह ने जिले का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम में रसोइयों के योगदान को सराहा गया और उनके सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0