बीएनआई राइजिंग स्टार प्रतियोगिता में बाल भारती पब्लिक स्कूल सीपत का दबदबा
बीएनआई बिलासपुर द्वारा आयोजित राइजिंग स्टार एवं बिलासपुर गॉट टैलेंट प्रतियोगिता में बाल भारती पब्लिक स्कूल सीपत के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। आर्य चौरसिया बने राइजिंग स्टार ऑफ बिलासपुर, NSTSE ओलंपियाड में भी मिली बड़ी सफलता।
- आर्य चौरसिया बने ‘राइजिंग स्टार ऑफ बिलासपुर’, संगीत और प्रतिभा मंच पर छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
सीपत/बिलासपुर, अचल वार्ता। बीएनआई बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित ‘राइजिंग स्टार’ एवं ‘बिलासपुर गॉट टैलेंट’ प्रतियोगिता में बाल भारती पब्लिक स्कूल, सीपत के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों की संगीत और बहुआयामी प्रतिभा ने निर्णायकों व दर्शकों को खासा प्रभावित किया।
एकल गायन में आर्य चौरसिया का जलवा
एकल गायन प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं के छात्र आर्य चौरसिया ने अपनी सुमधुर और प्रभावशाली प्रस्तुति से प्रथम स्थान हासिल करते हुए ‘राइजिंग स्टार ऑफ बिलासपुर’ का खिताब अपने नाम किया। वहीं कक्षा सातवीं के ही छात्र धैर्य तिवारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
‘बिलासपुर गॉट टैलेंट’ में भी दिखी प्रतिभा
‘बिलासपुर गॉट टैलेंट’ श्रेणी में कक्षा पाँचवीं के छात्र अरिहंत ने कीबोर्ड वादन में अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन कर द्वितीय स्थान अर्जित किया।
इसके अलावा विद्यालय की छात्राएँ वरेण्या सिंह, अनिष्का सिंह एवं मीहिका ने भी कीबोर्ड वादन में सराहनीय सहभागिता करते हुए दर्शकों की खूब प्रशंसा बटोरी।
NSTSE ओलंपियाड में आदित ढांडा ने बढ़ाया मान
विद्यालय की उपलब्धियों की कड़ी में एक और स्वर्णिम अध्याय तब जुड़ा जब कक्षा दूसरी के छात्र आदित ढांडा ने शैक्षणिक सत्र 2025–26 में आयोजित NSTSE ओलंपियाड परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर सातवाँ स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य ने दी बधाई, शिक्षकों की सराहना
विद्यालय के प्राचार्य शलभ निगम ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से संगीत शिक्षक साईं गणेश राव के योगदान की सराहना की।
इन सफलताओं से विद्यालय परिसर में हर्ष और गर्व का वातावरण व्याप्त है।
- सुनील चिंचालकर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0