मानवीय मूल्यों की मिसाल बनी सेवा एक नई पहल, निराश्रित बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कर निभाया सामाजिक दायित्व

बिलासपुर में सामाजिक संस्था सेवा एक नई पहल ने मानवीय मूल्यों की मिसाल पेश करते हुए निराश्रित बुजुर्ग मातुश्री का अंतिम संस्कार किया। इस पुनीत कार्य में खरे परिवार सहित कई समाजसेवियों ने सहयोग कर समाज में समानता, करुणा और सद्भाव का संदेश दिया।

Feb 19, 2026 - 09:02
 0  3
मानवीय मूल्यों की मिसाल बनी सेवा एक नई पहल, निराश्रित बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कर निभाया सामाजिक दायित्व

बिलासपुर (छत्तीसगढ़), अचल वार्ता। समाज में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए सामाजिक संस्था सेवा एक नई पहल ने एक निराश्रित बुजुर्ग मातुश्री के निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार कर मानवता को नई दिशा दी। यह बुजुर्ग जोरा पारा स्थित सुवाणी सुखाश्रम में निवासरत थीं। संस्था ने शहर के प्रतिष्ठित खरे परिवार के सहयोग से पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार की सभी जिम्मेदारियां निभाईं।

महिला कार्यकर्ता ने दी मुखाग्नि, टूटे सामाजिक बंधन जोड़े

इस मानवीय कार्य में संस्था की सक्रिय कार्यकर्ता सिमरन तलरेजा ने मुखाग्नि देकर सामाजिक समानता और संवेदनशीलता का संदेश दिया। यह दृश्य समाज में व्याप्त जाति, वर्ग और आर्थिक भेदभाव को चुनौती देने वाला रहा।

श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा समाजसेवियों का सम्मान

आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से वृन्दावन परिसर व्यवसायी संघ के अध्यक्ष मनोज सरवानी, सुखाश्रम संचालक श्याम तिवारी, सिंधी समाज के युवा समाजसेवी राम हिंदुजा, संस्था संयोजक माधव मुजुमदार तथा सतराम जेठमलानी विशेष रूप से मौजूद रहे।

‘ऑक्सीजन मैन’ राजेश खरे ने की पहल की सराहना

सभा को संबोधित करते हुए ‘ऑक्सीजन मैन’ के नाम से प्रसिद्ध समाजसेवी राजेश खरे ने कहा कि आज के दौर में जब समाज जातिगत, सामाजिक और आर्थिक असमानताओं से जूझ रहा है, तब सेवा एक नई पहल जैसी संस्थाएं उम्मीद की किरण बनकर सामने आती हैं।

उन्होंने कहा कि निराश्रितों के अंतिम संस्कार जैसा कार्य केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानव मूल्यों की पुनर्स्थापना है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है।

सद्भाव और करुणा का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित जनसमूह ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए मानवता, समानता और करुणा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

- सुनील चिंचोलकर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0