पीलीभीत: इश्क की राह से अस्पताल तक, मौत के मुहाने से लौटे दो दिल
- जहरकांड के बाद राहत: प्रेमी युगल की हालत खतरे से बाहर
पूरनपुर, पीलीभीत, अचल वार्ता। कभी-कभी किशोर दिलों की धड़कनें सपनों की दुनिया बुनने लगती हैं। मासूम भावनाएं जब समाज की बंदिशों और हालात की दीवारों से टकराती हैं, तो संवेदनाएं उलझनों में बदल जाती हैं। फिलहाल आत्मघाती कदम उठाने के बाद मौत के मुहाने से दोनों दिल वापस लौट आए हैं। बुधवार सेहरामऊ थाना क्षेत्र के गांव के बाहर खेत में प्रेम प्रसंग चलते प्रेमी युगल में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। दोनों अचेत अवस्था में मिले थे।
परिजनों की सूचना पर उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक समय पर उपचार मिलने से उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ है। दोनों को अभी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
मामले की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया और सेहरामऊ थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली थी। पुलिस सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों से बातचीत की गई है और आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है, फिलहाल दोनों के स्वास्थ्य में सुधार को लेकर परिवारजन राहत महसूस कर रहे हैं।
"दोनों की हालत में सुधार है। अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।"- संजय कुमार थाना प्रभारी सेहरामऊ उत्तरी
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0