पीलीभीत: वर्डेंट पब्लिक स्कूल में क्रिकेट का रोमांचक मुकाबला, एडवोकेट इलेवन ने जज इलेवन को 63 रन से हराया
पूरनपुर/पीलीभीत, अचल वार्ता। नगर के धनाराघाट रोड स्थित द वर्डेंट पब्लिक स्कूल में रविवार शाम खेले गए मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में एडवोकेट इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जज इलेवन को 63 रन से पराजित कर दिया। मुकाबले में खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया, जिससे मैदान पर रोमांच और उत्साह का माहौल बना रहा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एडवोकेट इलेवन ने निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट खोकर 200 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से जावेद खान ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए केवल 24 गेंदों में 99 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली। शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जज इलेवन की ओर से आदित्य ने चार ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि नरेंद्र सिंह ने दो ओवर में 23 रन देकर दो खिलाड़ियों को आउट किया।
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जज इलेवन की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन जीत से दूर रह गई। कप्तान अरुण कुमार ने 49 गेंदों में 88 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को संभालने का प्रयास किया, मगर अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। पूरी टीम 15 ओवर में छह विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी।एडवोकेट इलेवन की ओर से तनुज सक्सेना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट झटके।
वहीं जावेद खान, आसिफ खान और रेहान खान ने भी एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।मैच समाप्त होने के बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और पूरे मैदान में खेल भावना का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0