पीलीभीत: हाईवे पर कहर, बीएससी छात्र समेत दो युवकों की मौत

Feb 15, 2026 - 21:12
 0  1
पीलीभीत: हाईवे पर कहर, बीएससी छात्र समेत दो युवकों की मौत

पीलीभीत, अचल वार्ता। पूरनपुर में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में एक बीएससी छात्र समेत दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

  पहली घटना में पूरनपुर के मोहल्ला कास्थान निवासी अंश सिंह (पुत्र सत्येंद्र सिंह) नगर के डिग्री कॉलेज में बीएससी के छात्र थे। शनिवार देर रात वह किसी जरूरी कार्य से लौटकर अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह असम हाईवे स्थित सिरसा चौराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। 

  आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ट्रक और चालक की पहचान के प्रयास में जुटी है।वहीं दूसरी घटना पीलीभीत के घुंघचिहाई थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर बाजार के पास हाईवे पर हुई। बाइक से जा रहे एक युवक को किसी अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

   सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस से पूरनपुर सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिससे उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

- शैलेन्द्र शर्मा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0