पीलीभीत: पीटीआर पहुंची प्रमुख सचिव ! निरीक्षण, समीक्षा और संवाद से जाना हाल

Mar 27, 2026 - 21:47
 0  1
पीलीभीत: पीटीआर पहुंची प्रमुख सचिव ! निरीक्षण, समीक्षा और संवाद से जाना हाल

कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के निर्देश

पीलीभीत, अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश की प्रमुख सचिव (वन) वी. हैकाली झिमोमी ने अपने दो दिवसीय पीलीभीत प्रवास के दौरान पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। शुक्रवार दोपहर लखनऊ प्रस्थान करने से पूर्व उन्होंने वन विभाग के कार्यों की समीक्षा की और कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उनके इस दौरे में अनुराधा बैमूरी भी साथ रहीं।

  प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह प्रमुख सचिव ने सबसे पहले प्रसिद्ध चूका इको टूरिज्म स्पॉट का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए गए विकास कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मुस्तफाबाद पहुंचकर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के जंगल भ्रमण कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

  इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ‘महिला शक्ति’ को वन एवं वन्यजीवों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने पीटीआर के फील्ड डायरेक्टर पी.पी. सिंह और प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।इसके बाद प्रमुख सचिव ने वन एवं वन्यजीव प्रभाग के कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी विभागीय समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए।

 संवाद के दौरान उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘बाघ एक्सप्रेस’ कार्यक्रम के तहत प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक का भी अवलोकन किया। यह नाटक महेश पाल के निर्देशन में प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।

 दौरे का मुख्य आकर्षण छात्राओं के भ्रमण कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाना रहा। दोपहर बाद उन्हें मुख्य वन संरक्षक (रोहिलखंड) पी.पी. सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह, प्रभागीय निदेशक (वन एवं वन्यजीव) भारत कुमार डी.के., भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी हिमांशु बेलाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चौहान और महोफ के वन क्षेत्राधिकारी सहेन्द्र यादव द्वारा ससम्मान विदाई दी गई।

 - शैलेन्द्र शर्मा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0