पीलीभीत: डीएम-एसपी ने बाबा इक्हत्तरनाथ मंदिर में सुरक्षा व सुविधाओं का लिया जायजा

Feb 15, 2026 - 21:17
 0  1
पीलीभीत: डीएम-एसपी ने बाबा इक्हत्तरनाथ मंदिर में सुरक्षा व सुविधाओं का लिया जायजा

पीलीभीत, अचल वार्ता। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के साथ तहसील पूरनपुर क्षेत्र स्थित प्राचीन बाबा इक्हत्तरनाथ मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए की गई बैरिकेटिंग, पार्किंग स्थल, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के इंतजामों को विस्तार से परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और व्यवस्थाएं पूरे पर्व के दौरान सुचारू रूप से संचालित रहें।

  पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगातार गश्त की जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए।

  भीड़ अधिक होने की स्थिति में यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।प्रशासन की ओर से चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस की उपलब्धता और आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।

 निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी पूरनपुर सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे शांति एवं अनुशासन बनाए रखते हुए पर्व का आनंद लें और प्रशासन का सहयोग करें।

- शैलेन्द्र शर्मा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0